Wed. Jun 10th, 2026

देहरादून में अवैध निर्माण पर एमडीडीए का शिकंजा, चार भवन सील

देहरादून। राजधानी देहरादून में अवैध निर्माणों के खिलाफ मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) का अभियान लगातार जारी है। प्राधिकरण ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल्हान और चन्द्रवनी क्षेत्र में चार अवैध भवनों को सील कर दिया है। इनमें बहुमंजिला फ्लैट और डुप्लैक्स भवन शामिल हैं, जिनका निर्माण बिना स्वीकृति और निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा था।

एमडीडीए की टीम द्वारा किए गए क्षेत्रीय निरीक्षण के दौरान कई निर्माण कार्य विकास प्राधिकरण के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर प्राधिकरण ने संबंधित भवनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया।

कुल्हान क्षेत्र में फ्लैट सील, चन्द्रवनी में डुप्लैक्स भवनों पर कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, कुल्हान क्षेत्र के नागल हटनाल में निर्माणाधीन दो बहुमंजिला भवनों में विकसित किए जा रहे फ्लैटों को सील किया गया। वहीं चन्द्रवनी रोड स्थित द्वारिका पुरी क्षेत्र में निर्माणाधीन दो डुप्लैक्स भवनों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।

एमडीडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित निर्माण कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृतियां नहीं ली गई थीं तथा निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

निर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक

प्राधिकरण ने सभी संबंधित स्थलों पर चल रही निर्माण गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है। साथ ही भवन स्वामियों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

अवैध निर्माणों पर जारी रहेगा अभियान

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी का कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना मानचित्र स्वीकृति, भूमि उपयोग नियमों के उल्लंघन और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। प्राधिकरण ने लोगों से भी भवन निर्माण से पहले सभी आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *