Wed. Jun 10th, 2026

सड़क दुर्घटनाओं में कमी और सुरक्षित यातायात के लिए लोगों को किया जागरूक

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशन तथा माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून श्री प्रेम सिंह खिमाल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून द्वारा “सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा” अभियान के अंतर्गत घंटाघर चौक, देहरादून में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून  सीमा डुँगराकोटी द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि उक्त अभियान जनपद देहरादून में 08 जून 2026 से 14 जून 2026 तक व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने सड़क सुरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, ओवरस्पीड से वाहन न चलाने तथा नशे की अवस्था में वाहन संचालन से बचने की अपील की।

सचिव महोदया द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के टोल-फ्री हेल्पलाइन नम्बर 15100 के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि आर्थिक अथवा सामाजिक रूप से कमजोर एवं पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण निरंतर कार्यरत है।

उन्होंने कहा कि आमजन को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समय-समय पर विभिन्न विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित निरीक्षक यातायात, देहरादून श्री समरवीर सिंह रावत ने सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में “गोल्डन आवर” (दुर्घटना के एक घंटे के भीतर) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुँचाने वाला व्यक्ति “गुड सेमेरिटन” (Good Samaritan) के रूप में सम्मान का पात्र होता है।

उन्होंने पैदल यात्रियों को फुटपाथ एवं जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने तथा वाहन चालकों को सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने हेतु प्रेरित किया।पराविधिक स्वयंसेवक श्री उमेश्वर सिंह रावत द्वारा यातायात नियमों के अनुपालन के संबंध में जानकारी देते हुए कहा गया कि वाहन चालकों को चौराहों पर सदैव स्टॉप लाइन से पूर्व वाहन रोकना चाहिए तथा लाल बत्ती का उल्लंघन नहीं करना चाहिए।

एस.एल. होंडा की प्रबंधक सुश्री मोनिका द्वारा भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम के दौरान 200 से अधिक व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा एवं विधिक जागरूकता संबंधी जानकारी प्रदान कर लाभान्वित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *