हरिद्वार में गूंजा हर-हर महादेव, सफलतापूर्वक संपन्न हुई कांवड़ यात्रा
हरिद्वार। हर-हर महादेव, बम-बम भोले के जयघोष और आस्था के सैलाब के बीच कांवड़ मेला-2026 मंगलवार को निर्विघ्न, सकुशल एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। कांवड़ मेले के अंतिम दिन भी धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों कांवड़ियों ने हरकी पैड़ी एवं अन्य गंगाघाटों से पवित्र गंगाजल उठाया और अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार कांवड़ मेले के अंतिम दिन 36 लाख 62 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा शुरू होने से लेकर अंतिम दिन तक कुल 4 करोड़ 80 लाख 40 हजार शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान कर चुके हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। गंगाजल लेने के लिए हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर कांवड़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। भगवा रंग में रंगी धर्मनगरी में चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष गूंजते रहे। अंतिम दिन भी प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा कांवड़ियों की सुविधाओं को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं बनाए रखी गईं।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभाला। पुलिस एवं प्रशासन के समन्वित प्रयासों से विशाल कांवड़ मेले का सफलतापूर्वक समापन हुआ। कांवड़ यात्रा के सकुशल सम्पन्न होने के साथ ही धर्मनगरी ने एक बार फिर देश-दुनिया को आस्था, अनुशासन, सेवा और सनातन संस्कृति की विराट शक्ति का संदेश दिया।
