Tue. Jun 23rd, 2026

राशन की कालाबाजारी रोकने को तैनात होंगे जीपीएस वाहन, डीलर तक पहुंचाएंगे राशन

देहरादून। राशन की कालाबाजारी पर लगाम लगाने को अब सख्ती बरती जा रही है। अब सरकारी राशन की कालाबाजारी रोकने के लिए जीपीएस वाहनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। ऐसे में सरकारी सस्ता गल्ले के राशन विक्रेता वाहनों को बाहर से हायर नहीं कर पाएंगे। यही नहीं मानक को ताक पर रखने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संभागीय खाद्य नियंत्रक बंशीलाल राणा ने बताया कि राशन ढुलाई में पारदर्शिता को लेकर जीपीएस वाहन व्यवस्था लागू की गई है। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गोदाम से सरकारी सस्ता गल्ले की दुकान तक राशन पहुंचने के लिए जीपीएस वाहन की जिम्मेदारी सुनिश्चित की गई है। वर्ल्‍ड फूड प्रोग्राम द्वारा न‍िर्मित एप से खाद्यान्‍न ले जाने वाले वाहनों को ट्रैक क‍िया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत गोदाम से राशन लोड होते ही चालक का मोबाइल नंबर एप में फीड किया जाएगा। इसके साथ ही जिन सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान तक राशन पहुंचाया जाना है, उन रूटों का पूर्व में अवलोकन कर एप में फीड किया जा चुका है। यह प्रक्रिया इतनी पारदर्शी होगी कि यदि वाहन रूट से इतर जाता है, तो तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं गोदाम प्रभारी से हर दिन की गतिविधियों की रिपोर्ट मांगी जा रही है। यही नहीं माह में तैयार की गई रिपोर्ट को भी भेजने को कहा गया है। बता दें कि पहले फेज में देहरादून, ऋषिकेश, विकासनगर, डोईवाला के अलावा हरिद्वार जिले में रुड़की को छोड़कर अन्य जगहों पर भी यह व्यवस्था शुरू की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *