Sun. Jul 26th, 2026

आध्यात्मिक रंग में रंगा स्थापना दिवस समारोह, शिव तांडव बना मुख्य आकर्षण

देहरादून। सत्य साई सेवा संगठन उत्तराखंड एवं सुभाष नगर मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को आमवाला स्थित आश्रम का 12वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल दीप प्रज्वलन एवं भजन-कीर्तन के साथ हुआ। इस अवसर पर आश्रम में निवासरत दिव्यांग बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम में संचालित मंदिर निर्माण कार्य, दिव्यांग बच्चों की देखभाल, शिक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके पश्चात बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘शिव तांडव’ की प्रस्तुति ने सभी का दिल जीत लिया। बच्चों का अनुशासन, समन्वय और आत्मविश्वास दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा, जिसकी सभी ने मुक्तकंठ से सराहना की।

समारोह के समापन से पूर्व आश्रम में दिव्यांग बच्चों की सेवा में समर्पित कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कार एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से वीना जोशी, सुमन सहगल, राधा वल्लभ, रीता पंत, सोनिया धीर, चंद वल्लभ, दिनेश पाल, सज्जन सिंह थापा, सपना थापा एवं अनीता पाल सहित अनेक श्रद्धालु एवं सेवा दल के सदस्य उपस्थित रहे।

अंत में भगवान की आरती, भजन एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन के दौरान सभी ने दिव्यांग बच्चों के उज्ज्वल भविष्य एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सेवा कार्य करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *