सूखे पत्तों की आग बनी आफत, देखते ही देखते पेड़ जलकर राख
देहरादून। भीषण गर्मी के बीच करनपुर क्षेत्र में सूखे पत्तों में लगाई गई आग उस समय भारी पड़ गई, जब आग ने विकराल रूप धारण कर एक पेड़ को अपनी चपेट में ले लिया। घटना करनपुर स्थित लक्ष्मण भारती विद्यालय के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक मकान के केयरटेकर ने पेड़ के नीचे पड़े सूखे पत्तों में आग लगा दी। तेज गर्मी और सूखे पत्तों के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पास खड़े पेड़ तक पहुंच गई। पेड़ धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर डालनवाला क्षेत्र की चीता पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया था। हालांकि इस दौरान आसपास के मकानों में आग फैलने का खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों ने गर्मी के मौसम में इस तरह लापरवाही से आग न जलाने की अपील करते हुए प्रशासन से भी सतर्कता बढ़ाने की मांग की है।
