Wed. May 6th, 2026

देहरादून : गणतंत्र दिवस पर करन माहरा का बीजेपी पर हमला, कांग्रेस के बलिदान और उत्तराखंड आंदोलन को याद दिलाया

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह दिन संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का प्रतीक है, जो देश की एकता, अखंडता व सामाजिक न्याय की प्रेरणा देता है। माहरा ने कांग्रेस के स्वर्णिम इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी से अब तक पार्टी ने देश की एकता व सम्प्रभुता के लिए अनेक बलिदान दिए हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे व लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में कार्यकर्ताओं को पिछड़े क्षेत्रों, अल्पसंख्यकों, दलितों, किसानों व महिलाओं तक पार्टी की उपलब्धियां पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने सीमावर्ती सैनिकों व स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने का आह्वान किया।

वर्तमान चुनौतियों के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के धैर्य की सराहना करते हुए माहरा ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी भूमिका को तराशना होगा। उन्होंने धर्मनिरपेक्ष भारत को सामाजिक सौहार्द के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया। बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जहां कांग्रेस ने देश को मजबूत राष्ट्र बनाया, वहीं सत्ताधारी दल देश को तोड़ने, साम्प्रदायिकता फैलाने व दलितों पर अत्याचार करने का काम कर रहा है।

उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों को नमन करते हुए माहरा ने कहा कि उनके बलिदान से ही अलग राज्य की पहचान मिली। कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र व राज्य की अस्मिता की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगी। कार्यक्रम में महामंत्री राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, सेवादल चीफ हेमा पुरोहित समेत बड़ी संख्या में नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *