जन आक्रोश रैली में कांग्रेस का हमला, सरकार घिरी सवालों में
देहरादून। उत्तराखंड में विपक्ष ने एक बार फिर सत्तारूढ़ सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जन मुद्दों पर आक्रामक तेवर अपनाए हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड कांग्रेस ने युवा नेता रितेश छेत्री के संयोजन में बल्लूपुर चौक से बल्लीवाला नाथ पैलेस तक विशाल जन आक्रोश रैली निकाली। रैली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक रूप से और महत्वपूर्ण बना दिया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने स्वयं शामिल होकर सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
यह रैली प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, छात्रों के उत्पीड़न, बिगड़ती कानून व्यवस्था और बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर आयोजित की गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी ने इसे जन असंतोष के प्रदर्शन के रूप में स्थापित किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की जनता आज महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है, जबकि कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय दिलाने को लेकर सरकार उदासीन बनी हुई है।
साथ ही उन्होंने पुलिस पर छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार के आरोप भी लगाए और कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान शांति और सुरक्षा रही है, लेकिन वर्तमान हालात चिंताजनक हैं। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना विपक्ष की नैतिक जिम्मेदारी बन गया है।
मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है और सरकार के पास युवाओं के लिए कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने महंगाई को आम जनता की कमर तोड़ने वाला बताते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी। कार्यक्रम संयोजक रितेश छेत्री ने रैली को युवाओं और आम जनता के गुस्से की आवाज बताते हुए कहा कि यह केवल शुरुआत है। उन्होंने आरोप लगाया कि रैली से पहले लगाए गए कांग्रेस के बैनर-पोस्टर फाड़े गए, जबकि अन्य दलों के पोस्टर जस के तस रहे, जो सरकार के पक्षपातपूर्ण रवैये को दर्शाता है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जन आक्रोश रैली आगे चलकर व्यापक आंदोलन का रूप लेगी और पार्टी जनता के मुद्दों को लेकर सड़कों पर संघर्ष जारी रखेगी, ताकि प्रदेश में न्याय और सुशासन सुनिश्चित किया जा सके। रैली में संजय शर्मा, लालचंद शर्मा, आनंद बहुगुणा, प्रदीप जोशी, सुमित्रा ध्यानी, अनुराग गुप्ता, दीप वोहरा, पिया थापा, राजकुमार जायसवाल, पीयूष जोशी, वंश, प्रियांशु गौड़, राजीव प्रजापति, शुभम सैनी, कासिम चौधरी, राजेश शर्मा, मोहित ग्रोवर, अवधेश, माही जेटली समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।
