Thu. May 21st, 2026

सिविल सेवा परीक्षा आज, प्रशासन ने केंद्रों पर बढ़ाई निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था

देहरादून: जनपद  में 24 मई 2026 को आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा जिले के 32 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 12,545 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफल संचालन को सुनिश्चित करने हेतु गुरुवार को सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस नोडल अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों को परीक्षा केंद्रों का पूर्व स्थलीय निरीक्षण करने तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे, फेस ऑथेंटिकेशन एप सहित अन्य व्यवस्थाओं की सूक्ष्म जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से एक दिन पूर्व सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्ण रूप से सैनिटाइज किया जाए। अधिकारियों को अपने मोबाइल नंबर केंद्र व्यवस्थापकों को उपलब्ध कराने तथा परीक्षा अवधि के दौरान मोबाइल सक्रिय रखने के भी निर्देश दिए गए।

प्रशासन के अनुसार परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक संचालित होगी। प्रथम पाली के प्रश्नपत्रों के सील्ड पैकेट सुबह 7 बजे तथा द्वितीय पाली के प्रश्नपत्रों के पैकेट सुबह 11 बजे कोषागार के डबल लॉकर से प्राप्त कर निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जाएंगे। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता, सुरक्षा व्यवस्था एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता एवं अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सिटी प्रवीण कुमार, एसडीएम योगेश मेहरा, एसडीएम विनोद कुमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *