टिहरी के विकास कार्यों की प्रगति पर मुख्य सचिव की नजर, गुणवत्ता से समझौता नहीं
देहरादून/टिहरी: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में जनपद टिहरी गढ़वाल के समस्त जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क, पेयजल, सीवर, सिंचाई, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी लोक निर्माण एवं अवसंरचना परियोजनाओं को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ प्राथमिकता पर पूरा किया जाए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों एवं अन्य सार्वजनिक सुविधाओं की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा पेयजल, सीवर और जल निकासी व्यवस्थाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
साथ ही पर्यटन क्षेत्रों में बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए स्थायी एवं दीर्घकालिक समाधान विकसित करने पर बल दिया। बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद की प्रशासनिक स्थिति एवं विकास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान नरेंद्रनगर-किनवानी-नीरगढ़ सेक्शन रोड के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य, रामझूला सेतु के सुदृढ़ीकरण, पीएमजीएसवाई फेस-4 के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों तथा आपदा प्रभावित मार्गों की मरम्मत कार्यों की समीक्षा की गई। मुनि की रेती क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ रुपये की वर्षा जल निकासी प्रणाली निर्माण योजना तथा चंद्रभागा नदी में बाढ़ सुरक्षा कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने नई टिहरी स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने तथा मालरोड सौंदर्यीकरण परियोजना को गति देने के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत विभिन्न पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा। बैठक में देवप्रयाग एवं कीर्तिनगर क्षेत्रों की पेयजल समस्याओं, नरेंद्रनगर सीवर लाइन योजना की प्रगति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद में कृषि, उद्यान, मत्स्य, डेयरी, मशरूम, ड्रैगन फ्रूट एवं हर्बल उत्पादों पर आधारित स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। वहीं वन विभाग द्वारा ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत पिरूल संग्रहण तथा “माई ब्लॉक माई लाइब्रेरी” कार्यक्रम की प्रगति से भी अवगत कराया गया।
बैठक से पूर्व भागीरथीपुरम स्थित टीएचडीसी गेस्ट हाउस में एडीबी परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए टिहरी झील क्षेत्र में सतत एवं जलवायु-अनुकूल पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित छह पर्यटन क्लस्टरों की योजनाओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में सचिव लोक निर्माण विभाग पंकज पांडेय, पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी श्वेता चौबे, एडीएम शैलेंद्र नेगी सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
