Sun. May 3rd, 2026

निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में सैकड़ों लाभान्वित, ब्रह्मकमल शक्ति संस्था की पहल सफल

देहरादून। ब्रह्मकमल शक्ति संस्था द्वारा समाजसेवा के संकल्प के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह शिविर देहरादून के प्रतिष्ठित सीएमआई अस्पताल के सहयोग से शिव मंदिर, परीमहल, इंजीनियर एनक्लेव में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का शुभारंभ शिव मंदिर के सामुदायिक भवन में समिति के अध्यक्ष अभिनव थापर एवं मंदिर की मुख्य सेविका मीरा बाई द्वारा उपस्थित डॉक्टरों को रामजी का अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित करने के साथ हुआ, जिससे आयोजन का वातावरण गरिमामय बन गया।

शिविर के संयोजक एवं संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट अभिनव थापर ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इस आयोजन में सहयोग के लिए सीएमआई अस्पताल का आभार व्यक्त किया।

शिविर में डॉ. अंशिका जैन (एमडी मेडिसिन), डॉ. निमिषा गुप्ता (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) और डॉ. विवेक कुमार तिवारी (डेंटिस्ट) ने अपनी सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों को आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान बीपी, वजन, बीएमआई, सांस की जांच, शुगर टेस्ट (आरबीएस), दांतों की जांच एवं स्त्री रोग संबंधी जांच जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।

साथ ही मरीजों को मुफ्त दवाओं का वितरण भी किया गया। भारी बारिश के बावजूद क्षेत्रवासियों में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर के सफल आयोजन में संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष अमिता आहूजा, अवधेश कुमार, पिया थापा, मंजू त्रिपाठी, शुभम सैनी, आलोक मेहता, स्वाति नेगी, शैलेश सिंह, प्रवीण मोगा, संजना, आदिल सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *