Sat. Aug 8th, 2026

हारी विधानसभा सीटों पर भाजपा की नजर, कोर कमेटी करेगी क्षेत्रवार प्रवास

देहरादून: आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को धार देने और पिछली बार हारी हुई 23 विधानसभा सीटों को जीत में बदलने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा कदम उठाया है। पार्टी ने माइक्रो मैनेजमेंट की रणनीति के तहत प्रदेश कोर कमेटी के सदस्यों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं दायित्वधारियों को विधानसभावार संगठनात्मक प्रवास की जिम्मेदारी सौंपी है। सभी वरिष्ठ नेता चुनाव तक संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में नियमित प्रवास कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देंगे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करेंगे। प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर यह जिम्मेदारियां तय की गई हैं।

प्रवास के दौरान वरिष्ठ नेता संबंधित विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों की निगरानी करेंगे, बूथ स्तर तक समन्वय को मजबूत बनाएंगे तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित कर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि माइक्रो मैनेजमेंट की इस रणनीति का उद्देश्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक एवं संगठनात्मक परिस्थितियों के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा चुनावी माहौल को पार्टी के पक्ष में मजबूत बनाना है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि जमीनी स्तर पर निरंतर संवाद, संगठन की सक्रियता और योजनाबद्ध कार्यप्रणाली से इन सीटों पर बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

पार्टी द्वारा जारी जिम्मेदारियों के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को पिरान कलियर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को पिथौरागढ़, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ को लक्सर, पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को खानपुर, राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नरेश बंसल को मंगलौर, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भगवानपुर, टिहरी सांसद महारानी माला राज्य लक्ष्मी शाह को यमुनोत्री, नैनीताल सांसद अजय भट्ट को नानकमत्ता, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी को ज्वालापुर, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को बाजपुर, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत को द्वाराहाट, कैबिनेट मंत्री खजान दास को हल्द्वानी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल को प्रतापनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट को अल्मोड़ा, राकेश गिरी को झबरेड़ा, प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत को चकराता, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार को हरिद्वार ग्रामीण, तरुण बंसल को जसपुर, दायित्वधारी सुरेश भट्ट को किच्छा, श्याम नारायण पांडे को लोहाघाट तथा गणेश भंडारी को धारचूला विधानसभा क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है।

भाजपा का मानना है कि यह संगठनात्मक प्रवास अभियान चुनावी तैयारियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करने तथा हारी हुई सीटों पर जीत का मजबूत आधार तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *