Wed. Jun 10th, 2026

श्रद्धांजलि सभा और रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने की सहभागिता

देहरादून। परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज के महानिर्वाण दिवस के पावन अवसर पर मंगलवार को श्री दरबार साहिब में श्रद्धा, भक्ति एवं सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर देश-विदेश से पहुंची हजारों संगतों ने अपने पूज्य गुरु महाराज को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए सेवा, समर्पण और मानवता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

श्री दरबार साहिब के पूजनीय सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री झण्डे जी पर विशेष पूजा-अर्चना कर समस्त मानव जाति के सुख, शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की तथा अपने गुरु परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज का स्मरण किया। श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब में मत्था टेककर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।

महानिर्वाण दिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए श्री दरबार साहिब परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें संगतों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 101 यूनिट रक्तदान किया। श्रद्धालुओं ने इसे मानव सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा को सच्ची गुरु सेवा बताया। इस अवसर पर श्री दरबार साहिब परिसर में लंगर, प्रसाद एवं शबील का वितरण भी किया गया। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड सहित देश के विभिन्न राज्यों तथा विदेशों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धा अर्पित की।

वक्ताओं ने कहा कि महानिर्वाण दिवस केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि गुरु की शिक्षाओं को आत्मसात करने का पर्व है। परमपूज्य ब्रह्मलीन श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने अपने जीवन में सेवा, परोपकार, प्रेम और मानवता का जो संदेश दिया, वही आज भी लाखों श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है। पूरे आयोजन के दौरान वातावरण गुरु भक्ति, सेवा भावना और आध्यात्मिक उल्लास से ओतप्रोत रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *