Wed. May 13th, 2026

सामूहिक विवाह आयोजन में 51 बेटियां लेंगी सात फेरे

देहरादून। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी 19 जून 2026 को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में आयोजित होने वाले 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। कार्यक्रम को लेकर मंदिर प्रांगण में पंजीकरण प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं का कार्य लगातार जारी है।

कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती प्रीति गुप्ता एवं विक्की गोयल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में पंजीकरण करवाया था, उन्हें मंदिर प्रांगण में बुलाकर आवश्यक दस्तावेज एवं प्रपत्र प्राप्त किए गए। साथ ही विवाह संबंधी सभी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं।

सेवादल की ओर से स्पष्ट किया गया कि केवल पात्र कन्याओं का ही विवाह कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विवाह हेतु चयनित कन्याओं की संख्या 51 से अधिक अथवा कम भी हो सकती है, क्योंकि पंजीकरण प्रक्रिया अभी लगातार जारी है।

सेवादल के अनुसार पात्रता के लिए वर एवं वधू दोनों का बालिग एवं अविवाहित होना अनिवार्य है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जिसके लिए पार्षद, ग्राम प्रधान अथवा अन्य जनप्रतिनिधि का प्रमाण पत्र आवश्यक रखा गया है। केवल हिंदू समाज से जुड़ी कन्याएं ही इस सामूहिक विवाह में सम्मिलित हो सकेंगी। साथ ही वर-वधू दोनों के माता-पिता की सहमति अनिवार्य होगी। माता-पिता न होने की स्थिति में अभिभावक की सहमति स्वीकार की जाएगी। सभी आवेदकों को संबंधित घोषणाओं का शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा।

आयोजकों ने बताया कि अनाथ एवं माता-पिता विहीन कन्याओं का विवाह संपन्न कराने का सौभाग्य भी सेवादल को प्राप्त होगा। पंजीकरण हेतु इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9870726178, 9412973492, 9997200072 एवं 8630209602 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में प्रतिदिन संपर्क कर पंजीकरण कराया जा सकता है।

इस अवसर पर श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का पवित्र गंगाजल से सामूहिक जलाभिषेक भी किया गया। आचार्य भारत भूषण भट्ट जी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कन्याओं एवं उनके अभिभावकों ने भगवान शिव से कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की प्रार्थना की। मंदिर परिसर “बम-बम भोले” और “जय भोलेनाथ” के जयघोषों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, श्रीमती प्रीति गुप्ता, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, विक्की गोयल, नवीन गुप्ता, रोहित अग्रवाल एवं संजय कुमार गर्ग सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *