Fri. Sep 25th, 2026

विश्व पर्यटन दिवस पर CMTHS में तीन दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन

HNBGU

श्रीनगर (गढ़वाल)। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर माउंटेन टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी स्टडीज (CMTHS) के पर्यटन विभाग द्वारा विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर विगत तीन दशकों से निरंतर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी विभाग द्वारा 25 से 27 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय पर्यटन उत्सव Touro fest 26 कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

कार्यक्रम के प्रथम दिन 25 सितंबर 2026 को कार्यक्रम के प्रथम दिन (पर्यटन एवं व्यापार प्रबन्धन की संकायाध्यक्ष) प्रोफेसर रश्मि ढोडी के निर्देशन में एक राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। सेमिनार में पर्यटन के समकालीन विषयों, नवाचार, तकनीकी विकास तथा सतत एवं उत्तरदायी पर्यटन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विशेषज्ञों एवं प्रतिभागियों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज जी द्वारा किया जाएगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 26 सितंबर 2026 को विभिन्न रचनात्मक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें रंगोली, फेस पेंटिंग, पोस्टर मेकिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट, बुके मेकिंग तथा फूड फेस्ट प्रमुख हैं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, प्रतिभा एवं पर्यटन से जुड़े कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन 27 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के स्वामी मन्मथन ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा। इस अवसर पर नृत्य, गायन, कविता पाठ, शायरी एवं मॉडलिंग सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। समापन समारोह की विशिष्ट अतिथि देश के पहले लेखक गांव की निदेशक एवं युवा समाजसेविका श्रीमती विदुषी निशंक जी द्वारा की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान CMTHS विभाग की ओर से सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संगठनों एवं संस्थाओं को प्रतिवर्ष प्रदान किया जाने वाला ‘सैर सलीका पुरस्कार’ भी प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार विभाग की सामाजिक सहभागिता एवं जिम्मेदार पर्यटन को प्रोत्साहित करने की अभिनव पहल का हिस्सा है।

इस अवसर पर विभाग द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘A Field Guide to Community Participation in Tourism’ का विमोचन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभाग द्वारा प्रकाशित International Journal of Tourism तथा Himalayan Tourism Magazine के नवीन अंकों का भी विमोचन किया जाएगा।

कार्यक्रम में CMTHS से शिक्षा प्राप्त दो विशिष्ट विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिनका चयन विश्वविख्यात ट्रैवल एवं टूर ऑपरेशन कंपनी SITA में हुआ है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को विभाग के लिए गौरव का विषय बताया गया है।

विभाग के अनुसार, विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं, सामाजिक सहभागिता, रचनात्मकता, उद्यमिता एवं सतत पर्यटन के विभिन्न आयामों से परिचित कराना है। इन आयोजनों के माध्यम से विश्वविद्यालय स्तर के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यार्थियों के बीच पर्यटन के प्रति जागरूकता एवं रुचि विकसित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

इस आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति श्री श्रीप्रकाश सिंह जी का प्रोत्साहन एवं सहयोग प्राप्त हो रहा है। इस तीन दिवसीय पर्यटन उत्सव के उपलक्ष्य में केंद्र के निदेशक प्रोफेसर राकेश कुमार ढोडी के निर्देशन में यह आयोजन विद्यार्थियों, शिक्षकों, पर्यटन विशेषज्ञों एवं समाज के विभिन्न वर्गों को एक साझा मंच प्रदान करेगा तथा पर्यटन के क्षेत्र में ज्ञान, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

HNBGU

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *