रायवाला में अवैध शराब तस्करी का खुलासा, स्कूटी सवार आरोपी गिरफ्तार
ऋषिकेश/देहरादून। रायवाला क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग की टीम ने एक स्कूटी सवार युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 48 क्वार्टर इंपीरियल ब्लू व्हिस्की और 24 कैन ट्यूबर्ग बीयर बरामद की गई हैं। पुलिस कार्रवाई के दौरान शराब की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार 22 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9:37 बजे मुखबिर खास से अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली। जिला आबकारी अधिकारी देहरादून के. सिंह के निर्देशन में आबकारी अपराध निरोधक क्षेत्र-3, ऋषिकेश की टीम ने आबकारी निरीक्षक प्रेरणा बिष्ट के नेतृत्व में कार्रवाई की। टीम ने थाना रायवाला क्षेत्र के तीन पानी फ्लाईओवर के समीप सफेद रंग की स्कूटी संख्या UK07AE6128 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्कूटी के पायदान पर रखे बैग से अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। इसके बाद टीम ने आरोपी शिवम पुत्र नरेश, निवासी बाजिदपुर, थाना शेरकोट, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 60/72 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। विभाग की ओर से अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी है।

