Thu. Nov 5th, 2026

बेहतर शिक्षा और संस्कारों से ही निखरता है विद्यार्थियों का भविष्य – डॉ. घनशाला

देहरादून: ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के वार्षिक उत्सव प्रिस्मौरा-2026 में नन्हे कलाकारों ने संगीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा। आज ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में ग्राफिक एरा ग्लोबल स्कूल के सांस्कृतिक उत्सव प्रिस्मौरा-2026 का आयोजन किया गया। ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन  डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि स्कूल की शिक्षा छात्रों के जीवन की नींव होती है।
यहां से मिलने वाली सीख और अनुभवों में से अच्छी बातें अपनाकर छात्रों को अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा का वास्तविक महत्व तभी है जब उससे मिली सीख जीवन में सही फैसले लेने और आगे बढ़ने में मदद करे। डॉ घनशाला ने ग्राफिक एरा इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज की नई उपलब्धि साझा करते हुए कहा कि संस्थान को 19 एमडी ब्रांचों में पीजी की 72 सीटों की मान्यता मिलना एक बड़ी उपलब्धि है। प्रिस्मौरा-2026 की शुरुआत स्कूल बैंड की इंस्ट्रूमेंटल प्रस्तुति से हुई, जिसने पूरे सभागार को धुनों की तरंगों से भर दिया। प्री-प्राइमरी के बच्चों ने ‘एलिस इन वंडरलैंड’ नाटक के जरिए अपनी अभिनय प्रतिभा दिखाई।
कक्षा 1 और 2 के छात्र-छात्राओं ने समूह गान प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा 3 से 5 के छात्रों ने योग सिंक्रोनाइजेशन में बेहतर तालमेल और संतुलन के साथ खूबसूरत आकृतियों का प्रदर्शन किया। नृत्यमाला में जीवन के पांच तत्वों पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। उत्तराखंड के पारंपरिक गढ़वाली और बंगाल के लोक नृत्यों से देश की सांस्कृतिक विविधता को मंच पर उतारा। इन प्रस्तुतियों के बीच ‘दशम स्कंध’ उत्सव का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें छात्रों ने प्रभावशाली मंचन से दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला और वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला ने राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें टेबल टेनिस के सार्थक बिष्ट और रिद्धिमा बिष्ट, शूटिंग के राधिक थापा, आर्या डिमरी और मेहुल राणा तथा रोलर स्केटिंग के काव्या पंत और वत्सल चौहान शामिल रहे। प्रिस्मौरा-2026 में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो. चांसलर डॉ राकेश शर्मा, कुलपति डॉ नरपिंदर सिंह, कुल सचिव डॉ नरेश कुमार शर्मा, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की कुलपति डॉ तबस्सुम नकवी, कुलसचिव डॉ ज्योति छाबड़ा, प्रधानाचार्य श्री राजकुमार त्रेहन समेत शिक्षक- शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *