Wed. Sep 23rd, 2026

डून पीजी कॉलेज में यूथ कनेक्ट कार्यक्रम, युवाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

देहरादून: सेलाकुई स्थित डून (पीजी) कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर साइंस एंड टेक्नोलॉजी में अभ्युदय भारत राइजिंग फोरम, देहरादून के सहयोग से ‘यूथ कनेक्ट’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता यूपीईएस, देहरादून के डॉ. भालचंद्र शिंगण ने युवाओं से चरित्र, अनुशासन, ईमानदारी, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे गुणों को अपने जीवन में विकसित करने का आह्वान किया।

डॉ. शिंगण ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक सफलता हासिल करना नहीं है, बल्कि जिम्मेदार, नैतिक और राष्ट्र के प्रति संवेदनशील नागरिकों का निर्माण करना भी है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान और क्षमताओं का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान ‘ऑपरेशन सिंदूर’ डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विद्यार्थियों में साहस, कर्तव्यबोध और राष्ट्रीय सेवा की भावना को जागृत करने का प्रयास किया गया।

इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद धर्मार्थ चिकित्सालय के जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. वैभव प्रताप सिंह तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के पूर्व विद्यार्थी प्रमुख डॉ. संतान नेगी उपस्थित रहे। महाविद्यालय की ओर से सहायक निदेशक डॉ. आर. आर. द्विवेदी और समन्वयक प्रशासन श्री अनुज सिंह राणा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर. के. शर्मा, उप-प्राचार्य तथा डॉ. प्रीति सक्सेना, विभागाध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *