Republic Day
Sat. Apr 11th, 2026

टिहरी गढ़वाल- 2747 सिलेंडर वितरण के बाद 4018 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध

टिहरी गढ़वाल: जिला पूर्ति अधिकारी मनोज कुमार डोभाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में घरेलू एलपीजी की प्राप्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। विगत दिवस जनपद की गैस एजेंसियों को कुल 2584 घरेलू एलपीजी सिलेंडर प्राप्त हुए, जबकि 2747 सिलेंडरों का सफल वितरण उपभोक्ताओं को किया गया। वितरण के बाद एजेंसियों के पास 4018 सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जनपद में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के लिए प्रतिदिन 212 सिलेंडरों का आवंटन निर्धारित है, जिसके अनुसार एजेंसीवार वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। बीते दिन 19 किलोग्राम श्रेणी के 128 सिलेंडर प्राप्त हुए, जिनमें से 138 सिलेंडरों का वितरण किया गया। एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था की निगरानी हेतु गठित त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) द्वारा अब तक गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों, होटलों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों सहित कुल 491 निरीक्षण किए जा चुके हैं।

निरीक्षण के दौरान 14 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें से 5 सिलेंडरों पर 7250 रुपये का जुर्माना वसूलते हुए उन्हें अवमुक्त किया गया। जनपद स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम में अब तक 87 शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं, जिनका निरंतर निस्तारण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि गैस की आपूर्ति सामान्य है, अतः आवश्यकता के अनुसार ही बुकिंग करें तथा होम डिलीवरी या प्वाइंट डिलीवरी के माध्यम से सिलेंडर प्राप्त करें। एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

इसके साथ ही जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपने गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराई है, वे शीघ्र अपनी संबंधित एजेंसी से संपर्क कर प्रक्रिया पूर्ण कर लें। विवाह समारोह हेतु अधिकतम दो व्यावसायिक सिलेंडर प्राप्त करने के लिए आवेदक शादी का कार्ड संलग्न कर जिला पूर्ति कार्यालय या संबंधित पूर्ति निरीक्षक कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। अब तक प्राप्त आवेदनों के आधार पर 47 व्यावसायिक सिलेंडरों की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है।

किसी भी प्रकार की शिकायत—जैसे कालाबाजारी, दुरुपयोग, अवैध भंडारण या ओवररेटिंग—के लिए उपभोक्ता जनपद कंट्रोल रूम के नंबर 01376-234793, 01376-233433 एवं 9456533332 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *