Republic Day
Sun. Mar 22nd, 2026

हिमखंड टूटने से मार्ग बंद, बर्फीले तूफान से आमजन परेशान…

उत्तराखंड से बड़ी खबर आ रही है। यहां चीन सीमा से पिथौरागढ़ में लगे धारचूला में बर्फीले तूफान की सूचना है। बताया जा रहा है कि यहां चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटने से चीन सीमा को जोड़ने वाला तवाघाट-लिपुलेख मोटर मार्ग बंद हो गया तो वहीं उच्च हिमालय में मौसम मंगलवार को बर्फीले तूफान में बदल गया। जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार गुंजी में बीते सोमवार की दोपहर से हिमपात हो रहा है। मंगलवार सुबह तक गांव में डेढ़ फीट बर्फ जमा हो चुकी है। गांव से चार किलोमीटर पहले चाइना गेट के पास ग्लेशियर से हिमखंड टूटकर गिरने से तवाघाट-लिपुलेख मार्ग बंद हो गया। वहीं गांव में बर्फीला तूफान चल रहा है। करीब 50 से 60 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल रहे तूफान से बर्फ उड़कर लोगों के घरों के भीतर तक पहुंच रही है। मकान और सुरक्षा चौकियों में बर्फ जमा हो गई है। खेत बर्फ से ढक गए हैं।

बताया जा रहा है कि तूफान के चलते उच्च हिमालय के लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। गुंजी जा रहे दर्जनों वाहन इस मार्ग में फंसे हैं। कुछ वाहन चाइना गेट से धारचूला की ओर वापस लौट गए। मौसम में आए बदलाव से लोग दहशत में हैं। सीमा सड़क संगठन सड़क खोलने के लिए मौसम साफ होने का इंतजार कर रहा है। मंगलवार शाम तक गुंजी में हिमपात जारी रहा। इससे यातायात ठप है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *