जुआ पार्टी पर पुलिस का छापा: भारी नकदी और सामग्री जब्त
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश क्षेत्र में एक बड़े जुआ गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में संचालित अवैध जुआ पार्टी पर सटीक कार्रवाई करते हुए 40 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार किया।
पुलिस टीम द्वारा की गई छापेमारी के दौरान होटल परिसर में बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा था। मौके से कुल 3356 कैसिनो क्वाइन (टिक्की), 26 ताश की गड्डियाँ, ₹1,37,600 नगद तथा विभिन्न ब्रांड की शराब की 09 बोतलें बरामद की गईं।गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली ऋषिकेश में मु0अ0सं0 123/2026 धारा 3/4/5 जुआ अधिनियम एवं धारा 60/68 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
कार्रवाई के दौरान होटल नवरंग को सील कर दिया गया है, जबकि होटल स्वामी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा चौकी आईडीपीएल पर नियुक्त समस्त पुलिस स्टाफ को प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अनुपालन में जनपद पुलिस द्वारा लगातार सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
बरामदगी का विवरण:, कैसिनो क्वाइन (टिक्की): 3356 नग,ताश की गड्डियाँ: 26, नकदी: ₹1,37,600, शराब की बोतलें: 09
पुलिस का संदेश: जनपद पुलिस अवैध गतिविधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रतिबद्ध है।
