Republic Day
Thu. Mar 5th, 2026

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मेरा युवा भारत द्वारा उत्तराखंड में कईं जगहों पर आयोजित होंगी महिला खेल प्रतियोगिताएं

पौड़ी गढ़वाल: खेल जगत में महिलाओं को सम्मानित करने की एक अनूठी पहल के तहत, केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्रालय के अस्मिता (सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की एक प्रमुख पहल है और इसका उद्देश्य देश भर में महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाना तथा उन्हें खेलने के लिए बढ़ावा देना है) कार्यक्रम के अंतर्गत 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में 250 स्थानों पर एक विशाल राष्ट्रव्यापी एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया जाएगा।

मेरा युवा भारत, पौड़ी गढ़वाल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंटर कॉलेज मोटाढ़ाक में अस्मिता एथलेटिक्स लीग का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को खेलों के माध्यम से सशक्त बनाना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करना है। उपनिदेशक शैलेश भट्ट ने कहा- अस्मिता, खेलों इंडिया के लैंगिक समानता मिशन का हिस्सा है। जिसका उद्देश्य देशभर में महिलाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाना और नई प्रतिभाओं की पहचान करना है।

पौड़ी गढ़वाल के एवं मुख्यता कोटद्वार नगर के आस पास के युवा मंडलों, शैक्षणिक संस्थानों आदि से लगभग 1000 बालिकाओं एवं महिलाओं का प्रतिभाग करना प्रस्तावित है। देशभर में 250 स्थानों पर एथलेटिक्स (100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर) की दौड़ की प्रतियोगिताएं होंगी और इनमें अंडर-13, 13-18 वर्ष और 18+ आयु वर्ग शामिल होंगे। प्रत्येक आयोजन स्थल पर पांच तकनीकी अधिकारी, 10 स्वयंसेवक, एक प्रतियोगिता प्रबंधक, एक पीसीए (पूर्व चैंपियन एथलीट) और जिला युवा अधिकारी तैनात रहेंगे। उम्मीद है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक ही दिन में रिकॉर्ड 2,50,000 महिलाएं भाग लेंगी।

मेरा युवा भारत, रुद्रप्रयाग के उपनिदेशक राहुल डबराल ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु रुद्रप्रयाग जिले के अगस्तमुनी में महिला प्रतिभागियों से कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक संख्या में प्रतिभाग करने की अपील की। मेरा युवा भारत, देहरादून के उपनिदेशक मोनिका नांदल ने कहा- परेड ग्राउंड देहरादून में महिला खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी। प्रत्येक आयु वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ आयोजित होंगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना है।वे mybharat.gov.in पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *