Republic Day
Mon. Feb 9th, 2026

विकास कार्यों की अनदेखी पर नपेंगे अधिकारी : रेखा आर्या

अल्मोड़ा। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतरें और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं और अन्य विकास योजनाओं की प्रगति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह निर्देश उन्होंने शनिवार को अल्मोड़ा विकास भवन में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री घोषणाओं व अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए ताकि आम जनता को समय पर लाभ मिल सके। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोमेश्वर में नवनिर्मित उप जिला अस्पताल का उद्घाटन जल्द से जल्द किया जाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन के दिन अस्पताल में चिकित्सकों व अन्य आवश्यक स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे कि उद्घाटन के साथ ही अस्पताल की सेवाएं आम जनता के लिए शुरू हो सकें।

बैठक के दौरान विकासखंड ताकुला के गांव बीना के तोक दुर्गाथल और गांव भेटुली के तोक लोहारखोला में सोलर पेयजल पंपिंग योजना के निर्माण कार्य में गड़बड़ी की जानकारी सामने आने पर कैबिनेट मंत्री ने जिलाधिकारी को मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फरवरी माह में बड़ी संख्या में योजनाओं का शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है, इसके लिए सभी विभाग समय रहते प्रारंभिक औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि कार्यक्रमों का आयोजन सुचारु रूप से किया जा सके।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जो अधिकारी जनहित के कार्यों की अवहेलना करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार की मंशा है कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे तथा जनता को योजनाओं का पूरा लाभ मिले। बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जगदीश डंगवाल, सुंदर राणा, जिला मंत्री बिशन कन्वाल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष पंकज भाकुनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चीलवाल, ललित तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के एन तिवारी, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी अरविंद पांगती, जिला विकास अधिकारी एसके पंत, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रेणु भंडारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *