आईटीसी लिमिटेड ने महिला उद्यमिता को दिया बढ़ावा
हल्द्वानी। समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण (Women Empowerment) के प्रति अपनी निरंतर प्रतिबद्धता के तहत, सनफिस्ट यिप्पी! ने अपने बैटर वर्ल्ड प्रोग्राम के अंतर्गत उत्तराखंड में अपने सामाजिक अभियान के नवीन चरण को सफलतापूर्वक प्रारंभ किया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवोदित महिला सूक्ष्म-उद्यमियों को स्वच्छ और टिकाऊ तरीके से फूड कार्ट व्यवसाय चलाने में पूर्ण सहयोग प्रदान करना है। इसके लिए महिलाओं को आवश्यक प्रशिक्षण, प्रमाणन, कौशल और संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।
आईटीसी की यह पहल क्रियान्वयन सहयोगी ‘प्रयत्न’ के साथ मिलकर महिला लाभार्थियों को संरचित आजीविका और उद्यमिता सहायता प्रदान करती है। संभावित लाभार्थियों को एक सुव्यवस्थित स्क्रीनिंग प्रक्रिया के माध्यम से संगठित कर उनका मूल्यांकन किया गया। पूर्व-निर्धारित पात्रता मापदंडों के आधार पर उम्मीदवारों की प्रेरणा, प्रशिक्षण और फूड कार्ट उद्यम को दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ तरीके से संचालित करने की क्षमता का आंकलन किया गया।
विस्तृत संवाद और साक्षात्कार के बाद, कार्यक्रम के इस चरण के लिए दस महिला लाभार्थियों का चयन किया गया।
इसके पश्चात लाभार्थियों को एक केंद्रित प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों को आवश्यक परिचालन क्षमताओं से सुसज्जित करना था। इस प्रशिक्षण में एफआईसीएसआई नियमित खाद्य स्वच्छता एवं सुरक्षा मानक, बुनियादी वित्तीय प्रबंधन, ग्राहकों से व्यवहार तथा दैनिक व्यवसाय संचालन से जुड़े पहलुओं को शामिल किया गया, ताकि वे आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के साथ अपने उद्यम का संचालन कर सकें।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद लाभार्थियों को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता पर केंद्रित फोस्टैक बेसिक कैटरिंग कोर्स और एनएसडीसी का संयुक्त प्रमाणपत्र दिया गया, जो फूड इंडस्ट्री क्षमता एवं कौशल पहल एफआईसीएसआई के सहयोग से प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त, जनवरी 2026 में लाभार्थियों को ब्रांडेड यिप्पी! फूड कार्ट और आवश्यक उपकरण वितरित किए गए, जिससे वे स्थायी आजीविका अर्जित कर सकें। लाभार्थियों को एफएसएसएआई पंजीकरण प्राप्त करने में भी सहायता प्रदान की गई, ताकि वे नियमों के अनुसार जिम्मेदारी से अपना व्यवसाय चला सकें।
आईटीसी लिमिटेड के फूड्स डिवीजन (स्नैक फूड्स एंड बेवरेजेस) के बीयू चीफ एग्जीक्यूटिव अली हैरिस शेरे ने कहा, हमारा मानना है कि जब कौशल विकास, उद्यमिता और काम की गरिमा एक साथ आती है, तभी टिकाऊ आजीविका का निर्माण होता है। यिप्पी बैटर वर्ल्ड प्रोग्राम के माध्यम से हम महिलाओं को सक्षम बनाने पर केंद्रित हैं, ताकि उन्हें आवश्यक क्षमताएं, आत्मविश्वास और संसाधन प्रदान कर आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने में मदद मिल सके और वे सशक्त सूक्ष्म–उद्यम खड़े कर सकें।
इस पहल का उत्तराखंड तक विस्तार, समुदायों में समावेशी विकास के अवसर सृजित करने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। इस पहल की सराहना करते हुए, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कांडवाल ने कहा, “मैं आईटीसी को महिलाओं को फूड कार्ट, खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाने के लिए बधाई देती हूं। कॉरपोरेट्स और उनके एनजीओ भागीदारों के ऐसे प्रयास सरकारी पहलों के पूरक हैं और उद्यमिता के जरिए महिलाओं को सशक्त बनाने के हमारे साझा मिशन को मजबूती प्रदान करते हैं।
पिछले दो वर्षों में यिप्पी बैटर वर्ल्ड प्रोग्राम ने दिल्ली एनसीआर में प्रवासी महिलाओं को फूड कार्ट, संरचित खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण और उद्यमिता सहयोग प्रदान कर सफलतापूर्वक सशक्त बनाया है। इस पहल ने इन महिलाओं के सामने मौजूद विशिष्ट चुनौतियों का समाधान करने में सहायता की। जहां कई महिलाएं स्थिर रोजगार के सीमित अवसरों से जूझ रही थीं और संवेदनशील परिस्थितियों में जीवन यापन कर रही थीं, उन्हें अपने स्वयं के फूड कार्ट व्यवसाय स्थापित करने और संचालित करने में सक्षम बनाकर, इस कार्यक्रम ने बेहतर सामाजिक-आर्थिक परिणामों, बेहतर आत्मनिर्भरता और दीर्घकालिक सशक्तता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
वर्षों से, आईटीसी के समग्र सामाजिक निवेश कार्यक्रम के तहत संचालित बहुआयामी महिला सशक्तिकरण पहलों ने देशभर में 60 लाख से अधिक महिलाओं तक अपनी पहुंच बनाई है। ये सामाजिक कार्यक्रम, पोषण एवं खाद्य सुरक्षा संबंधित शिक्षा एवं जागरूकता, रोजगारयोग्यता, उद्यमी सोच और उद्यमिता विकास जैसे स्तंभों पर आधारित ये विविध हस्तक्षेप महिलाओं की वर्तमान और भविष्य की जीवनशैली और आजीविका को सुदृेढ़ करने का लक्ष्य रखते हैं।
