Republic Day
Fri. Mar 27th, 2026

एनएबीएल मान्यता के साथ ग्राफिक एरा करेगी सड़कों और भवनों की गुणवत्ता की जांच

देहरादून। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में अब सड़कों, पुलों और इमारतों में उपयोग की जाने वाली निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की प्रमाणित जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। नेशनल एक्रीडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेट्रीज (एनएबीएल) ने विश्वविद्यालय की मैटेरियल्स टेस्टिंग लैब को मान्यता प्रदान की है। एनएबीएल से प्राप्त मान्यता ग्राफिक एरा की उच्च गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रमाण है। साथ ही, यह उपलब्धि विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप एक उन्नत प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र के रूप में स्थापित करती है।

इस क्रम में एनएबीएल द्वारा ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी को आईएसओ/आईईसी 17025:2017 के अंतर्गत ‘जनरल रिक्वायरमेंट्स फॉर द कॉम्पिटेंस ऑफ टेस्टिंग एंड कैलिब्रेशन लैबोरेट्रीज’ प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया है। मान्यता प्राप्त होने के बाद ग्राफिक एरा की मैटेरियल्स टेस्टिंग लैब सरकारी विभागों, निजी कंपनियों और विभिन्न इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के लिए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांच की प्रमाणित सेवाएं उपलब्ध करा सकेगी। अत्याधुनिक तकनीक एवं उन्नत उपकरणों से सुसज्जित इस लैब में कंक्रीट, मिट्टी, स्टील, सीमेंट, ईंट, एग्रीगेट्स और बिट्यूमेन सहित विभिन्न निर्माण सामग्रियों का परीक्षण किया जा सकेगा।

इसके अतिरिक्त, नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग (एनडीटी) की सुविधा भी यहां उपलब्ध है। विश्वविद्यालय की यह उपलब्धि उसके शोध उत्कृष्टता और उद्योगों के साथ सुदृढ़ साझेदारी को दर्शाती है। इससे जहां एक ओर छात्रों को व्यावहारिक प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल मानव संसाधन तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। ग्राफिक एरा के कुलपति डॉ. नरपिंदर सिंह ने कहा कि सिविल इंजीनियरिंग की इस लैब में एनएबीएल मानकों के अनुरूप परीक्षण करने और सटीक रिपोर्ट प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक तथा अनुभवी विशेषज्ञों की सेवाएं उपलब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *