Republic Day
Mon. Mar 23rd, 2026

फर्ज़ीवाड़ाः राशन वितरण में गड़बड़ी, डीलर मुर्दों के नाम पर ले रहा था सरकारी राशन

लक्सर में राशन डीलर द्वारा ही राशन गबन किए जाने का मामला सामने आया है। ये मामला लक्सर क्षेत्र में सेठपुर गांव का है जहां डीलर गरीबों का राशन हड़पने के लिए मृतक का नाम इस्तेमाल करने से भी गुरेज नहीं कर रहा है। वहीं राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत के बाद गढ़वाल मंडल के खाद्य उपायुक्त ने जांच कर डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल खाद्य विभाग को हाल ही लक्सर के सेठपुर गांव की सस्ते गल्ले की दुकान पर राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत मिली थी। शिकायत पर गढ़वाल मंडल के खाद्य उपायुक्त विपिन कुमार ने राशन वितरण की बारीकी से जांच की। जांच में पता चला कि गांव में कई ऐसे लोग हैं, जो सालों पहले मरने के बाद भी हर महीने सस्ते गल्ले की दुकान से राशन ले रहे हैं। इसके अलावा जांच में पाया गया है कि PMKGN राशन कार्ड धारकों और मुफ्त राशन वितरण योजना के पात्र लोगों को राशन दिए बगैर ही रजिस्टर में हर महीने राशन वितरित दर्शाया गया है। इसके अलावा भी राष्ट्रीय खाद्य योजना के राशन वितरण में गंभीर कमियां पाई गई हैं।

उपायुक्त की जांच रिपोर्ट आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी ने डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश लक्सर की आपूर्ति निरीक्षण को दिए थे। आदेश पर पूर्ति निरीक्षक बबीता देवी ने कोतवाली पहुंचकर उपायुक्त की जांच रिपोर्ट के साथ ही डीलर के खिलाफ तहरीर दी। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि तहरीर पर सेठपुर के राशन डीलर मांगेराम पुत्र रोढामल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। उधर जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि सेठपुर में सस्ते गल्ले की दुकान को निलंबित करने के आदेश भी दे दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *