Republic Day
Tue. Apr 7th, 2026

एथलेटिक मीट में डॉ. कमल का संदेश—जज्बा ही तय करता है सीखने की कोई उम्र नहीं

देहरादून,  ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने कहा कि नए कौशल सीखने की कोई उम्र नहीं होती, हर उम्र में नई चीजें सीखकर इंसान खुद को बेहतर बनाते हुए आगे बढ़ सकता है। यह मौका था ग्राफिक एरा के वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 का। एथलेटिक मीट में जेम्स एवर, प्रेरणा थापा, विजय नेगी और कृतिका ने दोनों विश्विद्यालयों से बेस्ट एथलीट का खिताब जीता। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में वार्षिक एथलेटिक मीट 2026 में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी से 3272 छात्र छात्राओं और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी से 5539 छात्र छात्राओं ने जोश, ऊर्जा और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सात दिन चली इस एथलेटिक मीट में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में बेस्ट एथलीट बॉयज़ श्रेणी का खिताब बीटेक के छात्र जेम्स एवर को मिला और गर्ल्स श्रेणी में बीसीए की छात्रा प्रेमा थापा ने यह खिताब अपने नाम किया। बेस्ट डिपार्टमेंट का खिताब बीसीए विभाग ने सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीतकर अपने नाम किया। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में बेस्ट एथलीट का खिताब बॉयज़ श्रेणी में बीवोक के छात्र विजय नेगी ने जीता, गर्ल्स श्रेणी में बीबीए की छात्रा कृतिका ने यह खिताब अपने नाम किया। बेस्ट डिपार्टमेंट का खिताब मैनेजमेंट विभाग ने कई स्वर्ण और रजत पदक जीतकर अपने नाम किया। एथलेटिक मीट 2026 के समापन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन डा. कमल घनशाला ने कहा कि खेल शरीर को स्वस्थ और मन को सशक्त बनाते हैं।

ऐसे आयोजन छात्रों में खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास को विकसित करते हैं। डा. घनशाला ने कहा कि ग्राफिक एरा के छात्र-छात्राओं ने न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी स्कीइंग, स्क्वैश और शूटिंग जैसे खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है । ग्राफिक एरा के पांच छात्र छात्राओं ने ओलंपिक्स में भी देश का प्रतिनिधित्व किया है। भारतीय महिला क्रिकेट विश्व विजेता टीम की खिलाड़ी स्नेह राणा भी ग्राफिक एरा के छात्रा हैं। डा. घनशाला ने कहा कि भविष्य में छात्र छात्राओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं, विशाल मैदान और उन्नत उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ अवसर मिल सकें।

ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी से बॉयज श्रेणी में भावेश भाटी, प्रांजल रावत, सौरभ रावत, आर्यन बर्थवाल, अमामरू बोस्को और गर्ल्स श्रेणी में शगुन सिंह, प्रेरणा थापा, लक्ष्मी रावत, पलविंदर कौर, अनुष्का पंत अपने-अपने मुकाबलों में अव्वल रहें। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी से बॉयज श्रेणी में मयंक, अंकित रावत, विजय नेगी, अमित, अंकित कुमार और गर्ल्स श्रेणी में रक्षिता, काजल, अंजली, कृतिका कनिष्का अपने-अपने मुकाबलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया । प्रतियोगिताओं में ग्राफिक एरा के विदेशी छात्र छात्राओं ने भी सभी खेलों में बड़े उत्साह से भाग लिया। डा. कमल घनशाला ने 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, 800 मीटर व 1500 मीटर रेस, लॉन्ग जंप, शॉट पुट और रिले दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

एथलेटिक मीट में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर डा. राकेश कुमार शर्मा, कुलपति डा. नरपिंदर सिंह, प्रो वीसी डा. संतोष एस सर्राफ, कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अमित आर. भट्ट, कुलसचिव डा. डी. के. जोशी, अन्य पदाधिकारी, डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक- शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं ने शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *