धारचूला: ‘पहले बुकिंग-पहले डिलीवरी’ के नियम पर ही मिलेगा सिलेंडर
धारचूला। सीमांत क्षेत्र धारचूला में इन दिनों रसोई गैस की सीमित आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। गैस सिलेंडरों की कमी को देखते हुए धारचूला गैस सर्विस ने वितरण के लिए नई गाइडलाइन जारी की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में स्टॉक सीमित होने के कारण सभी उपभोक्ताओं को एक साथ गैस उपलब्ध कराना संभव नहीं है।
भीड़ कम करने के लिए सख्त नियम- गैस एजेंसी ने पारदर्शिता बनाए रखने और व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए “पहले बुकिंग – पहले डिलीवरी” का नियम कड़ाई से लागू कर दिया है। एजेंसी के अनुसार, अब किसी भी उपभोक्ता को बिना एडवांस बुकिंग के सिलेंडर नहीं दिया जाएगा।
एजेंसी द्वारा जारी मुख्य निर्देश इस प्रकार हैं:
बुकिंग अनिवार्य: केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर मिलेगा जिन्होंने पहले से बुकिंग कराई है।
क्रम अनुसार वितरण: वितरण पूरी तरह से बुकिंग की DAC पर आधारित होगा।
धारचूला गैस सर्विस एजेंसी ने ग्राहकों से अनुरोध किया है कि वे गोदाम या दफ्तर पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और बार-बार कॉल करने से बचें, ताकि कर्मचारी वितरण कार्य पर ध्यान केंद्रित कर सकें।
धारचूला गैस सर्विस के प्रबंधन ने स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं को आश्वासन दिया है कि धैर्य बनाए रखें, बुकिंग के आधार पर हर उपभोक्ता की बारी आने पर उन्हें सिलेंडर अवश्य उपलब्ध कराया जाएगा।
स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति में किसी प्रकार का बड़ा व्यवधान न आए।
किसी भी जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता गैस प्रबंधक, धारचूला से मोबाइल नंबर 7579272278 पर संपर्क कर सकते हैं।
