Republic Day
Sun. Apr 5th, 2026

ग्राफिक एरा हैकाथॉन में AI का जलवा, 100 टीमों ने पेश किए इनोवेटिव समाधान

देहरादून ,  ग्राफिक एरा में 72 घंटे लगातार चली ग्राफ-ए-थॉन 3.0 प्रतियोगिता में देशभर से आए छात्र-छात्राओं ने एआई आधारित समाधान खोजे और विभिन्न सॉफ्टवेयर डेवलप किए। ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी वास्तविक चुनौतियों के समाधान खोजने के लिए 72 घंटे की हैकाथॉन ‘ग्राफ-ए-थॉन 3.0’ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में देश के 23 राज्यों से आई 100 टीमों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, एग्रीटेक और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों की जटिल समस्याओं के लिए अपने-अपने नवाचारी समाधान प्रस्तुत किए।

इनमें एआई और आईओटी आधारित मॉड्यूलर ड्रोन डिजाइन, श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रियल टाइम एआई संचालित स्मार्ट हेलमेट, एआई और आईओटी के माध्यम से ग्राउंड वाटर मॉनिटरिंग रिसर्च प्रोजेक्ट और राजस्थान के जल संकट के लिए स्मार्ट सिंचाई प्रणाली जैसे समाधान शामिल रहे। ग्राफ-ए-थॉन में देहरादून की टीम एरोफ्लेक्स (गौरव शुक्ला की टीम ) ने प्रथम स्थान हासिल किया, वहीं देहरादून की टीम सिंटैक्स एरर स्क्वाड (अंशिता गोयल की टीम) ने द्वितीय स्थान और भोपाल की टीम लिट स्क्वाड (अमन कहर की टीम) ने तृतीय स्थान हासिल कर नकद इनाम जीते।

ग्राफ-ए-थॉन के जूरी पैनल में एक्शन फॉर डेवलपमेंट फाउंडेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रो. अरुण कुमार त्यागी, 18 सोलिटेयर के को-फाउंडर एवं सीईओ ईशांक सचदेवा, नेक्सस स्टार्टअप हब (द अमेरिकन सेंटर) की डायरेक्टर डा. दिव्या राजपूत, एसोसिएशन ऑफ वूमेन इन बिजनेस की डायरेक्टर साधना पांडेय और पर्सिस्टेंट सिस्टम्स के प्रिंसिपल आर्किटेक्ट डॉ. रवि तोमर शामिल थे, जिन्होंने नवाचार, उपयोगिता और प्रभावशीलता जैसे मानकों के आधार पर प्रतिभागियों के प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन किया।

ग्राफ-ए-थॉन का आयोजन ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के टेक्नोलॉजी बिजनेस इनक्यूबेटर (टीबीआई) ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी और ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो चांसलर डा. राकेश कुमार शर्मा , ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. अमित आर. भट्ट, ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के प्रो वीसी डा. संतोष एस सर्राफ और कुलसचिव डा. नरेश कुमार शर्मा, टीबीआई ग्राफिक एरा की सीईओ शरिश्मा डांगी, इनक्यूबेटर मैनेजर हर्षवर्धन सिंह रावत के साथ अन्य शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *