Republic Day
Sat. Mar 21st, 2026

अग्निपथ योजना: बोले रक्षा मंत्री; योजना की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी

न्यूज डेस्क। अग्निपथ योजना पर देश में उठ रही आशंकाओं को बेवजह करार देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस योजना की नियमित रूप से समीक्षा की जाएगी और खामियों को समय-समय पर दूर किया जाएगा।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने इस योजना को बहुत सोच समझ कर तैयार किया है और इसे लागू करने में जो भी चुनौती आने की संभावना थी उनका निराकरण किया गया है। जब कभी भी कोई नई योजना आती है तो उसे लेकर कुछ आशंकाएं लोगों के मन में रहती है। अग्निपथ योजना में जो भी चैलेंज आने की संभावनाएं थी उनका भी निराकरण किया गया है। श्री सिंह ने कहा कि वह इन आशंकाओं को खारिज नहीं करना चाहते, लेकिन उनका मानना है कि यह आशंका होनी ही नहीं चाहिए। वह इस योजना को रक्षा क्षेत्र में बड़े बदलाव वाला सुधार मानते हैं और इससे भर्ती प्रक्रिया में भी क्रांतिकारी बदलाव होगा।

उन्होंने कहा कि अग्नि वीरों की सेवा के चार वर्ष पूरे होने के बाद उनमें से 25 प्रतिशत को नियमित किया जाएगा। बाकी बचे 75 प्रतिशत के भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि वह युवाओं को आश्वस्त करना चाहते हैं कि बाकी बचे 75 प्रतिशत भी यदि बाद में नौकरी करना चाहते हैं तो उनके लिए भी सरकार ने योजना बनाई है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि एक बार अग्निपथ योजना को लागू होने दें सरकार इसकी प्रतिवर्ष समीक्षा करेगी और कहीं भी कोई भी कमी होगी तो उस चुनौती का मुकाबला कर कमी को दूर किया जाएगा यह उनकी सरकार का संकल्प है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *