एसडीजी इंडेक्स 2023-24

Thu. Sep 19th, 2024

अब तक डेढ़ लाख से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन

देहरादून मिरर/ रुद्रप्रयाग|

बीते एक माह में चारधाम यात्रा को आए श्रद्धालुओं की संख्या करीब डेढ़ लाख पार कर गई है। 18 सितंबर से 16 अक्टूबर 2021 तक 1,55,984 यात्री उत्तराखंड के चार धामों में दर्शन कर चुके है।

देवस्थानम बोर्ड के मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ ने बताया कि चार धाम यात्रा अपने अंतिम पड़ाव में है बावजूद इसके श्रद्धालुओं का जोश बना हुआ है। देवस्थान बोर्ड की ओर से जारी आंकड़ों की मानें तो 16 अक्टूबर को श्री बद्री धाम के दर्शनों के लिए 4008 तीर्थयात्री, श्री केदारनाथ धाम के दर्शनों के लिए 14890 यात्री (हेली यात्री सहित), श्री गंगोत्री धाम में 530 तथा श्री यमुनोत्री धाम में 1174 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए। इनमें से 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर के बीच हेलीकॉप्टर से केदारनाथ तक 10911 यात्री पहुंचे।

आपको बता दें कि उत्तराखंड में चार धामों के कपाट बंद होने की तिथियां भी घोषित हो चुकी हैं। जिसके तहत बद्रीनाथ धाम के कपाट 20 नवंबर को बंद होंगे, श्री केदारनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर, यमुनोत्री के कपाट 6 नवंबर और गंगोत्री के कपाट 5 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। इसी प्रकार पंच केदार के कपाट बंद होने की तिथियां भी घोषित हो चुकी हैं। जिसके तहत श्री मद्महेश्वर के कपाट 22 नवंबर से, तुंगनाथ के कपाट 30 अक्टूबर तथा श्री रुद्रनाथ के कपाट 17 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे। मद्महेश्वर में लगने वाला मेला 25 नवंबर को समाप्त होगा।

बोर्ड ने जानकारी देते हुए बताया कि चार धामों की यात्रा के लिए आ रहे तीर्थ यात्रियों को अब देवस्थानम बोर्ड की वेबसाइट पर ई पास बनाने की आवश्यकता नहीं है। वह चारधाम यात्रा के लिए स्मार्ट सिटी देहरादून के पोर्टल पर सीधे पंजीकरण करवा सकते हैं। तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने चारधाम यात्रा बस टर्मिनल ऋषिकेश में निशुल्क कोविड जांच केंद्र स्थापित किया है। साथ ही विभिन्न विभागों के हेल्प डेस्क यात्रियों की सहायता कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *